इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में भीषण आग, डेढ़ करोड़ का नुकसान

Share

अजमेर, 19 फ़रवरी । शहर के फायसागर रोड पर स्थित पाराशर कम्यूनिकेशन इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 1.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

दुकान के ऊपर बने मकान में परिवार के सदस्य रह रहे थे।

दुकान मालिक संजय पाराशर के छोटे भाई विजय पाराशर ने बताया कि अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग की लपटें भड़क उठीं। ऊपर रह रहे उनके छोटे भाई विवेक, उनकी पत्नी और बेटे ने जान बचाने के लिए एक मंजिल से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

फायर ऑफिसर गौरव तंवर ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे आग लगने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से दुकान में रखे एसी, कूलर, मोबाइल फोन, गिफ्ट आइटम्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। ऊपरी मंजिल पर रखे फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।