मंडी के सज्याओ पिपलू में निर्माण श्रमिकों के हित में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share

मंडी, 03 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सज्याओ पिपलू में निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने की।

विधायक चंद्रशेखर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर, श्रमिक और वंचित वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत निराश्रित और अनाथ बच्चों को सरकार का संरक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा उनकी शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यकताओं का पूरा खर्च वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं, जिनका लाभ पात्र वर्ग को अवश्य उठाना चाहिए।

इस दौरान विधायक चंद्रशेखर ने उपस्थित जनसमूह को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ नशा निवारण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत युवाओं सहित आम जनता को नशा मुक्त समाज के लिए जागरूक किया जा रहा है और इसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने मनरेगा से जुड़े विषय पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण और गरीब वर्ग के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ गरीब और गांव विरोधी सोच को दर्शाती है, जिसके खिलाफ पंचायत स्तर तक जन-जागरूकता और लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड द्वारा श्रमिकों और आम नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कुल 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।