11 सूत्री मांगों पर माली समाज एकजुट: अब करेंगे विधानसभा घेराव

Share

जयपुर, 24 फ़रवरी । महात्मा ज्योतिबा फुले टर्मिनल मार्केट में मंगलवार को मुहाना मंडी माली समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज के वरिष्ठ और युवा व्यापारियों सहित मंडी परिसर में कार्यरत लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जयपुर फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष योगेश तंवर ने की।

फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से समाज की ओर से बुधवार को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से इसमें शामिल होने की अपील भी की। बताया गया कि वर्तमान में समाज की ओर से जन अधिकार यात्रा निकाली जा रही है, जिसका समापन विधानसभा घेराव के साथ होगा।

बैठक में बताया गया कि माली समाज लंबे समय से अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। इन मांगों में समाज को पृथक 12 प्रतिशत आरक्षण देने, समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की मांग शामिल है। इसके अलावा आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने, महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड को वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार देने तथा उसमें पदाधिकारियों की नियुक्ति करने की मांग भी रखी गई।

समाज की अन्य मांगों में संत लिखमी दास जी महाराज की जन्मस्थली नागौर को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना, नई फल-सब्जी और अनाज मंडियों में माली सैनी समाज को प्राथमिकता से दुकानें आवंटित करना, समाज के लिए सामाजिक सुरक्षा कानून बनाना तथा फुले दंपत्ति के नाम पर विश्व स्तरीय संग्रहालय स्थापित करना शामिल है। इसके साथ ही समाज के लिए अलग बागवानी विकास बोर्ड की स्थापना और भारतीय सेना में सैनी रेजिमेंट बनाने की मांग भी उठाई गई। बैठक में समाज के लोगों ने इन मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का भी संकेत दिया।