बाराबंकी, 11 फ़रवरी । उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा में कांवरियों की आमद लगातार बढ़ रही है। लखनऊ गोंडा हाईवे कांवरियों से खचाखच भरा हुआ है। हर-हर महादेव व बम भोले के जयकारों से हाईवे की सड़के गूंज रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा गोंडा लखनऊ राजमार्ग का पूरी तरीके से रोड डाय वर्जन कर दिया गया है । रोड पर सिर्फ कांवरिया ही चल रहे हैं। 15 फरवरी को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व की सभी तैयारियां जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है।अनुमान के मुताबिक कई लाख कांवरिये इस दिन जलाभिषेक पूजन अर्चन दर्शन कर सकते हैं। जिसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरीके से तैयार है। प्रत्येक दिन कोई न कोई अधिकारी मेले की व्यवस्थाओं को देखने आता है। इसी क्रम में बीते मंगलवार की शाम मंडलायुक्त अयोध्या व अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ ने लोधेश्वर महादेवा के चल रहे प्रसिद्ध फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा परखा तथा मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार व एडीजी प्रवीण कुमार ने महादेवा पहुंचकर संपूर्ण मेला परिक्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए मंदिर के गर्भ ग्रह जाने के लिए बैरिकेटिंग व होल्डअप की मजबूती को देखा। इसके बाद मंदिर परिसर में बने महल के जर्जर छज्जे के नीचे लगी जाल के ऊपर मजबूत जाल लगवाने को कहा। मंदिर आए श्रद्धालु से बातचीत कर पूछा कि किस जनपद से आए हो तो कांवरियों ने कहा कि तीन दिन व दो रात की पैदल यात्रा करके जालौन से दर्शन करने आए हैं। अधिकारीद्वय ने व्यवस्था श्रद्धालुओं से मेले की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी लिया। इसके बाद मंदिर के निकासी द्वार पर नाली के किनारे बने गड्ढे को ठीक कराने को कहा, बेरीकेटिंग के ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन के खुले तारों व केविल को दुरुस्त कराने को कहा। अधिकारियों ने अभरन सरोवर पर बैरिकेडिंग प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था के समुचित इंतजाम कराने के निर्देश दिए। पानी की टंकी पर जाने वाली सीढ़ियों को बंद करने को कहा, दुकानदारों से अग्नि सुरक्षा हेतु पानी व बालू रखने को कहा। मुख्य द्वार का रंग रोगन कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर व एडीजी ने ग्राम प्रधान राजन तिवारी द्वारा मेले में कराई गयी अच्छी व्यवस्थाओं को देखकर उनकी सराहना करते हुए पीठ थपथपाई तथा सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद किए जाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दूरदराज से आने वाले शिव भक्तों को सहानभूति पूर्वक जलाभिषेक कराया जाए किसी प्रकार की असुविधा ना पाए। बुधवार सुबह से ही महादेवा में एडीजी एवं कमिश्नर द्वारा की गई अच्छी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के लिए तहसील व पुलिस के अधिकारी पहुंच गए। लोधेश्वर महादेवा के पवित्र धाम कांवरियों से पूरी तरीके से भर गया है।
मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि कांवरिया दर्शन करके मेले में रुक भी रहे हैं। कुछ जा भी रहे हैं। जो रुक रहे हैं वह महाशिवरात्रि के दिन पुनः दर्शन करके अपने घर जाएंगे।
वही ग्राम प्रधान राजन तिवारी ने बताया कि मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं जो जिला प्रशासन ने हमसे बताई थी हो चुकी हैं। कहीं भी कोई कमी नहीं है। अधिकारियों के साथ में खुद मेले की व्यवस्थाएं देख रहा हूं जहां मुझे कमी मिलती है या अधिकारी कुछ कहते हैं मैं तुरंत करवा देता हूं। अच्छी व्यवस्थाओं के लिए कल आए एडीजी और कमिश्नर ने प्रधान राजन तिवारी की पीठ भी थपथपाई थी।