भागलपुर, 19 फ़रवरी । जिले के नवगछिया अनुमंडल के सिंधिया मकंदपुर निवासी ममता सिंह ने अपनी पुश्तैनी जमीन की कथित अवैध बिक्री और दाखिल-खारिज में अनियमितता को लेकर नवगछिया न्यायालय में नालसीवाद दायर किया है। मामले में गोपालपुर अंचलाधिकारी रौशन कुमार समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि धरहरा मौजा स्थित खाता संख्या 1210, खेसरा 529, 539 और 526 की करीब 4 एकड़ 29 डिसमिल जमीन का अब तक पारिवारिक बंटवारा नहीं हुआ है। इसके बावजूद उनकी ननद रिंकी कुमारी ने कथित रूप से उनके हिस्से की जमीन विकास कुमार भारती और शुभम कुमार को बेच दी।
ममता सिंह का कहना है कि दाखिल-खारिज प्रक्रिया के दौरान उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई थी, फिर भी एकतरफा आदेश पारित कर दिया गया। थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। अब पूरा मामला कोर्ट में विचाराधीन है।