सीकर, 22 फ़रवरी । खाटूधाम में आयोजित बाबा खाटूश्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले का आज दूसरा दिन श्रद्धा और भक्ति के उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार होने के कारण भक्तों की संख्या में इजाफा हुआ है।
रींगस से खाटू तक पदयात्रियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगातार आगे बढ़ रही हैं।
मेले के दूसरे दिन बाबा श्याम का विशेष गुलाबी श्रृंगार किया गया है। बंगाल से मंगवाए गए गुलाबी फूलों सहित देश-विदेश के 108 प्रकार के फूलों से दरबार को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर में फूलों की लड़ियों से मनोहारी सजावट की गई है, वहीं मुख्य द्वार पर करीब 20 फीट ऊंचा डमरू आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
श्रद्धालु 14 लाइनों में व्यवस्थित होकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं।
पहले दिन लाखों भक्तों ने बाबा श्याम के श्वेत श्रृंगार के दर्शन किए थे। दूसरे दिन भी देशभर से तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के खाटू पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। राजस्थान के अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में भक्त निशान लेकर पहुंच रहे हैं। जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने मेले को भक्तिमय माहौल में रंग दिया है।
मेले की शुरुआत के साथ ही खाटू नगरी में भंडारों और सेवा शिविरों की श्रृंखला शुरू हो गई है। रींगस-खाटू पदयात्रा मार्ग सहित पूरे क्षेत्र में दर्जनों सेवा शिविर संचालित हो रहे हैं। मेला परवान चढ़ने के साथ इनकी संख्या 500 से अधिक होने की संभावना है।
प्रशासन ने भी मेले को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार मेला आठ दिनों तक चलेगा। मंदिर के पट खुलने के बाद प्रतिदिन बाबा श्याम के अलग-अलग श्रृंगार के दर्शन होंगे। दरबार में भगवान कृष्ण की करीब 10 फीट ऊंची आकर्षक मूर्ति भी स्थापित की गई है, जिसमें वे बांसुरी बजाते हुए नजर आ रहे हैं। हरे, लाल और नीले रंग के मोतियों से सजे मुकुट और गले में वैजयंती माला ने मूर्ति की शोभा और बढ़ा दी है।
इसके अलावा परिसर में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकियां भी सजाई गई हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। भक्ति, सेवा और उत्साह के संग खाटूधाम में फाल्गुनी लक्खी मेला पूरी आस्था के साथ परवान चढ़ रहा है।