धर्मशाला, 06 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। सीयू इस बार ऑल इंडिया इंटर जोनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। यह प्रतियोगिता 9 से 12 फरवरी तक धर्मशाला में आयोजित की जा रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि सीयू आगामी ‘ऑल इंडिया इंटर जोनल कबड्डी चैंपियनशिप’ की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह आयोजन न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश के खेल इतिहास के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह बेहद खास होने वाला है। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए कबड्डी जगत के बड़े नाम धर्मशाला की धरती पर उतरेंगे। इनमें भारतीय कबड्डी के दिग्गज खिलाड़ी दीपक हुड्डा और हिमाचल की शान व भारतीय महिला कबड्डी टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। इन सितारों की मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
डॉ. सुमन शर्मा की देखरेख में पुख्ता इंतजाम
विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. सुमन शर्मा की देखरेख में इस पूरी प्रतियोगिता का खाका तैयार किया गया है। कुलपति ने बताया कि देश भर के चार जोन्स से आने वाली सर्वश्रेष्ठ टीमों के ठहरने, खान-पान और सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। खेल के मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
कुलपति ने कहा कि यह चैंपियनशिप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश भर की संस्कृतियों और खेल भावना का मिलन है। हमारा लक्ष्य है कि हिमाचल के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर का एक्सपोजर मिले और खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय एक नई पहचान बनाए।