संस्थागत विकास योजना विश्वविद्यालयों के समग्र व संतुलित विकास का सशक्त माध्यम : प्रो.बंसल

Share

धर्मशाला, 18 फ़रवरी । केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने दो दिवसीय राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में आयोजित नेशनल समिट फॉर इंस्टिट्यूशनल लीडर्स में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस सम्मेलन का संयुक्त आयोजन विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार तथा राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन के प्रथम दिवस मंगलवार को प्रो. सत प्रकाश बंसल ने आयोजित समानांतर विषयगत सत्र की अध्यक्षता की। सत्र का विषय था, “संस्थागत विकास योजना के लिए कार्यनीय कार्यसूची”।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने संस्थागत विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रणनीतिक योजना निर्माण, सुशासन, गुणवत्ता आश्वासन, अनुसंधान उत्कृष्टता तथा हितधारक सहभागिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्थागत विकास योजना विश्वविद्यालयों के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास का सशक्त माध्यम है, जो राष्ट्रीय शिक्षा प्राथमिकताओं के अनुरूप होना चाहिए। देशभर से आए कुलपतियों, शिक्षाविदों एवं शैक्षणिक प्रशासकों ने सत्र में सक्रिय भागीदारी की। प्रो. सत प्रकाश बंसल के मार्गदर्शन एवं विचारों की व्यापक सराहना की गई तथा यह सत्र सम्मेलन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक रहा।