जेबीटी डीएलएड काउंसलिंग का 10 से 12 फरवरी के बीच होगा दूसरा राउंड

Share

धर्मशाला, 08 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जेबीटी डीएलएड काउंसलिंग का द्वितीय चरण 4 फरवरी से 7 फरवरी तक सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न किया गया। इस चरण में कुल 296 सब्सिडाइज्ड तथा 351 नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों पर काउंसलिंग की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी को 92, 5 फरवरी को 78, 6 फरवरी को 73 तथा 7 फरवरी को 73 सीटें भरी गईं। इस प्रकार कुल 316 सीटों का आवंटन किया गया, जबकि 331 सीटें अभी शेष हैं।

डॉ. शर्मा ने बताया कि द्वितीय चरण को दो राउंड में आयोजित किया गया है। प्रथम राउंड के उपरांत अब शेष रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरा राउंड दिनांक 10 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा बोर्ड युवाओं को शिक्षक प्रशिक्षण के अधिकतम अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे। काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया मेरिट आधारित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।

अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे बोर्ड द्वारा जारी आगामी सूचनाओं पर नियमित रूप से नजर रखें, समय-सीमा का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रूप से तैयार रखें। बोर्ड द्वारा काउंसलिंग केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, ताकि अभ्यर्थियों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।