धर्मगुरु दलाई लामा दो महीने के दक्षिण भारत प्रवास से शुक्रवार को लौटेंगे धर्मशाला

Share

धर्मशाला, 12 फ़रवरी । तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाईलामा शुक्रवार को अपने दो महीने के दक्षिण भारत प्रवास के बाद वापस मैक्लोडगंज लौट रहे हैं। धर्मगुरु सुबह 9:30 बजे दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे कांगड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर मैक्लोडगंज तक के मार्ग को पारंपरिक तोरणद्वारों से भव्य रूप से सजाया गया है।

​धर्मगुरु दलाईलामा बीते 12 दिसंबर को दक्षिण भारत की यात्रा पर रवाना हुए थे। करीब दो महीने के लंबे अंतराल के बाद उनकी वापसी को लेकर तिब्बती समुदाय के लोग बेहद उत्साहित हैं। विशेष रूप से तिब्बती नववर्ष ‘लोसर’ से ठीक पहले उनकी मौजूदगी ने उत्सव की चमक को दोगुना कर दिया है। समुदाय के लोगों का मानना है कि धर्मगुरु के सान्निध्य में नववर्ष मनाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

​दलाईलामा के मैक्लोडगंज लौटने से क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों में भी भारी उछाल आने की उम्मीद है। उनके प्रवास के दौरान विश्व भर से बौद्ध अनुयायी, विदेशी प्रतिनिधि और पर्यटक उनके दर्शन के लिए धर्मशाला पहुंचते हैं। इससे स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और हस्तशिल्प व्यापारियों को बेहतर व्यापार की आस बंधी है। पर्यटन उद्यमियों का कहना है कि धर्मगुरु की मौजूदगी से मैक्लोडगंज का बाजार पूरी तरह गुलजार हो जाता है।

​प्रशासन ने भी धर्मगुरु के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट पर तिब्बती समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारी संख्या में श्रद्धालु उनके स्वागत के लिए एकत्रित होंगे।