बिरसा कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Share

खूंटी, 10 फ़रवरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, खूंटी इकाई की ओर से संचालित छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत मंगलवार को बिरसा कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नए मतदाताओं को उनके मतदान अधिकार, लोकतंत्र में वोट की भूमिका तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व से अवगत कराना रहा। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया एवं निष्पक्ष, निर्भीक तथा विवेकपूर्ण मतदान करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा “लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मतदाता का वोट है। जब युवा जागरूक होकर मतदान करते हैं, तभी व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। खूंटी की धरती बिरसा मुंडा की धरती है, जहां से स्वाभिमान और अधिकार की चेतना निकली है। आज उसी चेतना को मताधिकार के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के भय, लालच या दबाव से मुक्त होकर मतदान करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बिरसा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना भी है। मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सजग नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. जया भारती कुजूर ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व, संस्कृति और भविष्य को सुरक्षित रखने का सशक्त माध्यम है।

राजकुमार गुप्ता ने कहा कि युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र अधूरा है। मतदान के प्रति उदासीनता सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर नुकसानदायक है।

वहीं डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि “मतदान केवल एक दिन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि निरंतर जागरूकता और जिम्मेदारी का विषय है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सामूहिक मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने, अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत उपयोग करने तथा समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बिरसा कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।