पलामू, 09 फ़रवरी । पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के गांधीपुर में डालटनगंज-गढवा मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक चलती अपाची बाइक (जेए14एल 1544) अचानक आग का गोला बन गई। गाड़ी मालिक इंद्रजीत पासवान एवं एक सवार ने कूदकर अपनी जान बचायी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
आग से जलकर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है। बाइक एक वर्ष पुरानी थी।
गाड़ी मालिक के अनुसार चलते-चलते बाइक अचानक धुआं छोड़ने लगी। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बाइक चालक एवं सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाइक को खड़ा कर अपनी जान बचायाी। आस पास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन टंकी में पेट्रोल की मात्रा अधिक रहने के कारण इसमें सफलता नहीं मिली।
इंद्रजीत पासवान गढ़वा जिले के रंका के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि रेहला से डालटनगंज किसी काम से जा रहे थे कि ये घटना हो गयी। एक वर्ष पहले बाइक खरीदी थी।