पूर्वी सिंहभूम, 18 फ़रवरी । टाटा पावर ने जमशेदपुर में अपने ईज़ी होम सोल्यूशन को लॉन्च कर शहर के घरों को स्मार्ट, सुरक्षित और ऊर्जा-कुशल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के झारखंड हेड अभिषेक कुमार, ईज़ी होम प्रोजेक्ट लीड नेहा श्रीवास्तव और सेल्स मैनेजर राहुल सिंह मौजूद थे।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि ईज़ी होम सोल्यूशन के जरिए उपभोक्ता एक ही ऐप से लाइटिंग, क्लाइमेट कंट्रोल, सुरक्षा और ऊर्जा प्रबंधन को नियंत्रित कर सकेंगे। इस सिस्टम में स्मार्ट सॉकेट, टच-पैनल स्विच, मोशन सेंसर और रेट्रोफिटेबल कन्वर्टर्स जैसे आधुनिक उपकरण शामिल हैं, जो पुराने घरों में भी बिना तोड़-फोड़ के आसानी से लगाए जा सकते हैं।
अभिषेक कुमार ने कहा कि सही उपयोग और ऑटोमैटिक शेड्यूलिंग से घरों में सालाना 15 से 20 प्रतिशत तक बिजली की बचत संभव है। इससे लगभग 1,300 यूनिट बिजली की बचत और करीब 10 हजार रुपये तक का वार्षिक बिल कम हो सकता है। साथ ही लगभग 1.1 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लॉन्च के दौरान इंटरैक्टिव डेमो वॉल के माध्यम से लोगों को तकनीक का लाइव अनुभव कराया गया। कंपनी ने बताया कि यह पहल 100 शहर, 1 मकसद अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देशभर में स्मार्ट और सस्टेनेबल जीवनशैली को बढ़ावा देना है।