राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे पर आएंगी, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

Share

पूर्वी सिंहभूम, 20 फरवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 फरवरी को जमशेदपुर के प्रस्तावित दौरे पर रहेंगी। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति कदमा स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद उनका मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना भी प्रस्तावित है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा घेरा, यातायात प्रबंधन, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।