रांची, 03 फ़रवरी । लोकभवन पार्क में राज्यभर के लोगों ने मंगलवार को दूसरे दिन रंग-बिरंगे फूूलों का दीदार किया।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल संतोष गंगवार के निर्देश पर आम लोगों के लिए लोक भवन उद्यान को दो फरवरी से आठ फरवरी 2026 तक भ्रमण के लिए खोलने के निर्णय के बाद हर दिन यहां सैकडों लोग पहुंच रहे हैं। उद्यान खुलने के दूसरे ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने लोक भवन उद्यान की सुंदरता और सुव्यवस्थित हरियाली का आनंद उठाया। मंगलवार को 4,813 से अधिक लोगों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों में इस ऐतिहासिक और विशिष्ट परिसर को देखने की उत्सुकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
खूंटी से घूमने आए कृष्णाा सिंह, रविकांत, प्रदीप कुमार महतो, रांची निवासी राजन हेमब्रम सहित अन्य लोगों ने बताया कि यहां आकर काफी सुकूल मिलता है। लोगों ने मस्ती के मूड में कहा कि काश लोकभवन का यह पार्क हमेशा हमेशा के लिए खुला रहता तो बात ही कुछ और हाेती।
रामगढ से घूमने आए लोकेश महतो और उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि यहां के रंग बिरंगे फूलों को देखकर काफी अच्छा लगता है। लोकभवन खुलने के दौरान हर परिवार को यहां आकर जरूर घुमना चाहिए। जानकारी के अनुसार लोकभवन उद्यान का भ्रमण समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इच्छुक नागरिकों को लोक भवन के गेट संख्या-2 से सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। उद्यान में प्रवेश के लिए अपराह्न एक बजे तक आगमन अनिवार्य किया गया है, ताकि निर्धारित समय के भीतर सभी आगंतुकों को सुचारू रूप से भ्रमण कराया जा सके।