लाेहरदगा, 15 फ़रवरी । जिले भर में महाशिवरात्रि का पर्व गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। जगह जगह भंडारा का भी आयोजन किया गया ।श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही और बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की।
कई लोगों ने उपवास रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम के समय मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। जिले के प्राचीन शिव मंदिर खखपरता, अखिलेश्वर धाम भंडरा, बुढ़वा महादेव, स्वयंभू महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी विशेष पूजा का आयोजन हुआ। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे लोहरदगा में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। भक्तों ने भगवान शिव से जिले की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।