पलामू, 10 फ़रवरी । नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर मंगलवार को मेदिनीनगर के गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज में 1649 मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण बैलेट पेपर के माध्यम से होने वाले मतदान को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया, ताकि सभी मतदानकर्मी मतदान प्रक्रिया को सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करा सकें। प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रथम पाली में 19 कमरों में पी-2 और पी-3 श्रेणी के 1085 मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय पाली में 14 कमरों में पीठासीन पदाधिकारी एवं पी-1 श्रेणी के 564 मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
कुल 54 मास्टर ट्रेनर और 4 जिला प्रशिक्षकों ने मतदानकर्मियों को मतदान से पूर्व, मतदान के दौरान और मतदान के बाद की जाने वाली सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बैलेट पेपर मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। मतपेटी की तैयारी, बैलेट पेपर का सही उपयोग, मतदाता पहचान की प्रक्रिया, मतदान पर्ची जारी करना, गोपनीय मतदान सुनिश्चित करना, थर्ड पैकेट की तैयारी, खुले लिफाफे की प्रक्रिया, सीलिंग एवं पैकिंग की विधि सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
द्वितीय पाली का प्रशिक्षण का जायजा लेने मेदिनीनगर और हुसैनाबाद के सामान्य प्रेक्षक भी जीएलए कॉलेज पहुंचे।
मौके पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार और प्रशिक्षण कोषांग को नोडल पदाधिकारी -सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू भी उपस्थित रहीं।