गांजा के साथ तीन महिला सहित चार तस्कर गिरफ्तार

Share

पलामू, 03 फ़रवरी । अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार को मधुशाला रोड जपला से 8.6 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन महिला सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अभियुक्तों में उदय प्रसाद उर्फ बबलू गुप्ता, अनिता देवी, दुर्गा देवी और सबिता देवी शामिल हैं। सभी मधुशाला रोड जपला के निवासी हैं।

सोमवार की देर रात थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुशाला रोड जपला स्थित कुछ लोग अपने घरों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखकर उसकी अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू को अवगत कराया गया। हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और कार्रवाई की गयी।

एसडीपीओ मो याकूब ने मंगलवार को बताया कि छापेमारी दल ने मधुशाला रोड जपला स्थित उदय प्रसाद उर्फ बबलू गुप्ता, दुर्गा देवी और सबिता देवी के घरों की घेराबंदी कर बारी-बारी से विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों घरों से संयुक्त रूप से 8.6 किलोग्राम गांजा, तांबे का एक छोटा तराजू, एक इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन और गांजा को पुड़िया बनाकर बेचने के लिए रखा गया करीब 2 किलोग्राम प्लास्टिक पैकेट बरामद किया गया।