पारिवारिक विवाद में युवक ने शीशा से हाथ की नस काटी, मौत

Share

पलामू, 11 फ़रवरी । पारिवारिक विवाद में एक युवक ने शीशा से हाथ की नस काट ली। अधिक खून बहने से इलाज के दौरान एमएमसीएच में उसकी मौत हो गयी। युवक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर मेन रोड निवासी 37 वर्षीय दिनेश कुमार के रूप में हुई है। घटना उसके घर पर बुधवार सुबह हुई। शव का पोस्टमार्टम दोपहर तीन बजे कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद से युवक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। दिनेश कुमार ठेले पर सब्जी बेचता था। घटना के समय युवक के नशे में रहने की जानकारी दी गयी है।

जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार सुबह में सब्जी बेचकर घर आया था। वह नशे में था। पत्नी पूनम देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने आलमारी का शीशा तोड़ा एवं उससे अपना दाहिना हाथ काट लिया। पड़ोसी और पत्नी ने गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया, जहां कुछ देर इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गयी।

चिकित्साकर्मियों का कहना है कि घटना के बाद शरीर से काफी मात्रा में खून बह गया था। इस कारण उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।