खूंटी, 14 फ़रवरी । नगरपालिका चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आर रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने संयुक्त रूप से खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के जमुआदाग और दतिया स्थित अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 23 फरवरी 2026 को मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और प्रवेश–निकास मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधा शौचालय, पेयजल, विद्युत, रैंप का भी जायजा लिया गया और जरूरी सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।