दंतेवाड़ा : 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, आराेपित फरार

Share

दंतेवाड़ा, 3 फ़रवरी । जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां जब्त की गईं है। जिनकी कीमत करीब 3 लाख है। एक पिकअप, एक मारुति ईको वाहन और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। हालांकि आरोपित फरार है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पिकअप वाहन और मारुति ईको वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब लेकर दंतेवाड़ा की ओर आ रहे हैं। शराब को अवैध रूप से बेचने की तैयारी थी। सूचना के आधार पर दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के निर्देश में थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में दंतेवाड़ा पुलिस ने बायपास क्षेत्र के ग्राम बालूद रोड पर घेराबंदी कर वाहनों को रोका। जांच के दौरान पिकअप वाहन, मारुति ईको और एक स्कूटी से कुल 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो वाहन चालक मौके से जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने वाहनों को जब्त करते हुए आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपिताें की तलाश की जा रही है और पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही संदिग्ध लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है।