विधायक क्षेत्र विकास निधि की दो किस्तें 31 मार्च से पहले जारी होंगी: मुख्यमंत्री सुक्खू

Share

शिमला, 18 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश के विधायकों को जल्द ही विधायक क्षेत्र विकास निधि (एमएलए एलएडी) की शेष दो किस्तें मिलने वाली हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह घोषणा की। विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर हंगामे के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.10 करोड़ रुपये की बाकी दो किस्तें 31 मार्च से पहले जारी कर दी जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विधायक ऐच्छिक निधि जारी करने पर भी विचार कर रही है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रकाश राणा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी करने के स्वरूप को लेकर विपक्ष के नेताओं के साथ जल्द चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नियमों के अनुसार विधायक क्षेत्र विकास निधि का केवल 10 प्रतिशत हिस्सा ही महिला मंडलों को दिया जा सकता है, लेकिन कुछ मामलों में इससे अधिक राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि महिला मंडलों को सहायता दी जा सकती है, पर तय सीमा का पालन जरूरी है। साथ ही उन्होंने विधायकों को सलाह दी कि निधि का उपयोग पूंजीगत विकास कार्यों पर भी किया जाए, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और जीएसडीपी को मजबूती मिले।

इस दौरान प्रकाश राणा ने सरकार पर विधायक क्षेत्र विकास निधि को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकार ने निधि जारी नहीं करके विधायकों को लगभग निष्क्रिय बना दिया है। उन्होंने कहा कि जब बजट में निधि का प्रावधान किया गया है, तो राशि समय पर क्यों नहीं मिल रही और यदि विधायक के पास विकास कार्यों के लिए संसाधन ही नहीं होंगे, तो वे अपने क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं को कैसे पूरा करेंगे।

मामले पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी सरकार से सवाल किया कि जब विधायक क्षेत्र विकास निधि विधानसभा द्वारा पारित बजट का हिस्सा है, तो इसे रोका कैसे जा सकता है। उन्होंने मांग की कि निधि तुरंत जारी की जाए ताकि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा सकें। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के दौरान कई स्थानों पर सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और विधायकों ने इन कार्यों को सुधारने के लिए घोषणाएं भी की हैं, इसलिए संबंधित कार्यों के लिए राशि जारी होना जरूरी है।