बक्सर, 24 फ़रवरी । बिहार में बक्सर जिले के बाबा नगर बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 जगदगुरु स्वामी गोविंदाचार्य गुप्तेश्वर जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. रामनाथ ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता वृज किशोर तिवारी ने की, जबकि मंच संचालन गिरीश कुमार द्विवेदी ने किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकता, समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा पूरे विश्व को ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश देती है। युवाओं से राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक सद्भाव के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है।
विशिष्ट अतिथि ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान हवन-पूजन भी संपन्न हुआ। अंत में राजेंद्र प्रसाद ने आभार ज्ञापन किया। सम्मेलन में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।