देहरादून, 08 फ़रवरी । आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में राजनीतिक समीकरण बदलने वाला बड़ा घटनाक्रम हुआ है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पौड़ी नगर पालिका की अध्यक्ष हिमानी नेगी और उनके पति पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी ने भाजपा में शामिल होकर घर वापसी की। उनके साथ नगर पालिका के कई सभासद और अन्य पार्टियों से आए कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा पर विश्वास जताया।
पौड़ी नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्य प्रणाली से प्रेरित होकर भाजपा में आई हैं। वहीं केसर सिंह नेगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा की प्रचंड जीत होगी।
भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दोनों पति-पत्नी ने भाजपा की कार्य-प्रणाली को सर्वोच्च बताया। कहा कि वे विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए कार्य करेंगे।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यही वजह है कि भाजपा उत्तराखंड की जनप्रिय पार्टी है।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी। इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी निकाय एव विधानसभा स्तर की राजनीति के लिहाज़ से अहम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि निकाय चुनाव में भाजपा से बागी होकर हिमानी नेगी ने निर्दलीय पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। उन्होंने नगरपालिका के इस चुनाव में सबको चौंकाते हुए भाजपा-कांग्रेस को पराजित कर जीत हासिल की भी। इस चुनाव में हिमानी नेगी के पति केसर सिंह नेगी की सटीक रणनीति से दोनो राष्ट्रीय दल इस चुनाव में हार गए थे। अब हिमानी नेगी के साथ ही उनके पति केसर सिंह नेगी ने भी भाजपा में घर वापसी की है।
केसर सिंह नेगी इससे पहले ब्लॉक प्रमुख पौड़ी व जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रह चुके हैं। केसर सिंह नेगी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने चौबट्टाखाल विधानसभा से चुनाव लड़ा था। हालांकि यहां उनको हार का मुंह देखना पड़ा था।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास समेत भाजपा पार्टी के अन्य नेता उपस्थित रहे।