जयपुर, 13 फरवरी । प्रदेश में अब गर्मी धीरे-धीरे असर दिखाने लगी है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं कई शहरों में रात का तापमान अब भी नीचे बना हुआ है। गुरुवार को 33 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके साथ ही आठ शहरों में दिन का पारा 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा जालोर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री, जैसलमेर 31 डिग्री, चित्तौड़गढ़ और जोधपुर का 30.8 डिग्री, पाली का 30.6 डिग्री, डूंगरपुर का 30.4 डिग्री तथा डबोक का 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद कई स्थानों पर रात का तापमान अब भी कम बना हुआ है। 4.9 डिग्री सेल्सियस के साथ फतेहपुर की रात प्रदेश में सबसे सर्द रही। इसके अलावा करौली, माउंट आबू, दौसा, सीकर, लूणकरणसर, झुंझुनूं, पाली, नागौर और पिलानी में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 19 डिग्री के साथ अलवर की रात सबसे गर्म रही।
राजधानी जयपुर में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। यहां अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी दिन और रात के तापमान में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि साफ मौसम और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा है, जबकि रात में ठंडक अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है।