बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु जिलास्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

Share

बलरामपुर, 06 फ़रवरी । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल शुक्ला की उपस्थिति में आज शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभाकक्ष में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्मृति एक्का सहित समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल पदाधिकारी, कंसल्टेंट, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, मेडिकल ऑफिसर, बीडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में संयुक्त संचालक डॉ. अनिल शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, नेक्स्ट जेन पोर्टल, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम तथा वित्तीय वर्ष के दौरान किए गए मदवार व्यय की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पंजीकृत सभी मरीजों का नियमित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण फॉलो-अप अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संयुक्त संचालक ने विकासखंड रामानुजगंज एवं राजपुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की प्रगति के संबंध में कारण बताओ नोटिस तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) प्रबंधन में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर विकासखंड शंकरगढ़ तथा एएनसी जांच की संख्या कम पाए जाने पर विकासखंड कुसमी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर होने वाली समस्त प्रविष्टियां संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के आर.एच.ओ. तथा सी.एच.ओ. के द्वारा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में संयुक्त संचालक ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित कार्यक्रमों अंतर्गत उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान, निगरानी एवं समय पर रेफरल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बाल टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की एवं निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन, कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) उन्मूलन, मलेरिया एवं फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। बैठक में टीबी एवं कुष्ठ रोग उन्मूलन हेतु पृथक एवं लक्ष्य आधारित कार्य योजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की स्थापना एवं संचालन की समीक्षा करते हुए जिले में आवश्यकतानुसार नए जन औषधि केंद्र खोलने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में डॉ. शुक्ला ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। संयुक्त संचालक ने समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को सुचारू रखने, आवश्यक औषधियों, उपकरणों एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रदत्त सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने के निर्देश भी दिये। डॉ. शुक्ला ने सभी स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिये, जिससे आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो।