गुरुग्राम, 10 फरवरी । 7वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बठिंडा की टीम द्वारा मंगलवार को सोहना खंड के गांव खत्रीका में मंगलवार को रसायनिक, जैविक, विकिरणीय एवं नाभिकीय (सीबीआरएन) आपदाओं से निपटने को लेकर एक व्यापक मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार सोहना जगवीर सिंह ने की। उन्होंने एनडीआरएफ टीम की पेशेवर दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं अनुशासित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य पेट्रोलियम पाइपलाइन से संभावित रासायनिक रिसाव जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान डिटेक्शन, प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी, रेस्क्यू ऑपरेशन, डी-कंटैमिनेशन (शुद्धिकरण) प्रक्रिया तथा जन-सुरक्षा से जुड़े उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ टीम द्वारा एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सीबीआरएन आपदाओं से संबंधित जानकारी, अत्याधुनिक बचाव उपकरण, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), आपात प्रतिक्रिया तकनीकें एवं जन-जागरूकता सामग्री को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपदा के समय अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। यह मॉक एक्सरसाइज एवं प्रदर्शनी सुपरवाइजिंग ऑफिसर देवेंद्र प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में तथा टीम कमांडर/सुपरवाइजर आशित के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।