गुरुग्राम, 14 फरवरी । यहां एक कपंनी के अकाउंटेंट से फर्जीवाड़े से ठगी करने में रुपये ट्रांसफर कराने के लिए खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार काे बताया कि कंपनी का फर्जी मालिक बनकर यह ठगी की गई थी।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2025 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम में एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा था कि वह एक कंपनी में अकाउंटेंट है। उसके पास वाट्सऐप के माध्यम से कम्पनी का फर्जी मालिक बनकर कॉल करके उससे रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इस शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू की गई। साइबर थाना प्रबंधक निरीक्षक नवीन कुमार की पुलिस टीम ने इस केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अमित (उम्र-30 वर्ष) निवासी जिला रेवाड़ी व दीपांशु उर्फ चिंटू (उम्र-27 वर्ष) निवासी रेवाड़ी के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी अमित को 12 फरवरी 2026 को रेवाड़ी से गिरफ्तार करके अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आरोपी दीपांशु उर्फ चिंटू को 13 फरवरी 2026 को रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि उन्होंने ठगी गई राशि में से नौ लाख 60 हजार रुपए आरोपी अमित के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी अमित ने यह बैंक खाता आरोपी दीपांशु को पांच हजार रुपये में बेचा था। आरोपी दीपांशु ने यही बैंक खाता 10 हजार रुपये में किसी अन्य आरोपी को बेचा था। पुलिस टीम द्वारा इस मामले में अब तक आरोपी अमित व दीपांशु सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।