गुरुग्राम: कैंटर से कंपनी का सामान किया गायब, तीन आरोपी काबू

Share

गुरुग्राम, 27 फरवरी । एक कंपनी के कैंटर से कैंटर के चालक द्वारा सामान गायब कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस थाना पटौदी में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को एक कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस चौकी हेलीमंडी थाना पटौदी में लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा कि उनकी कंपनी के सामान को डिलीवर करने के लिए एक ट्रांसपोर्ट कंपनी ने गाड़ी भेजी थी। 12 फरवरी 2026 को कंपनी के वेयरहाउस जाटोली गुरुग्राम से सुबह सामान भरकर फ्लिपकार्ट कंपनी बिलासपुर के लिए गई थी। 21 फरवरी 2026 को भी कंपनी वेयर हाउस से सामान लोड होकर फ्लिपकार्ट वेयरहाउस बिलासपुर के लिए दूसरी गाड़ी गई थी। उस गाड़ी के चालक द्वारा इन दोनों गाडिय़ों से सामान (एयरबड्स) चोरी कर लिए। इस शिकायत पर पुलिस थाना पटौदी में केस दर्ज किया गया। अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में अंजाम देने वाले कैंटर चालक सहित तीन आरोपियों को बिलासपुर चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जुबेर (चालक, उम्र-28 वर्ष) निवासी गांव सब्रास जिला नूंह, दीपक (उम्र-26 वर्ष) निवासी करवारा मानकपुर रेवाड़ी व भावांश (उम्र-22 वर्ष) निवासी रेवाड़ी के रूप में हुई।

आरोपियों से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जुबेर व दीपक एक ही ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर की नौकरी करते है। आरोपी जुबेर सामान को देखकर लालच आ गया। उसने साथी आरोपी दीपक के साथ मिलकर गाड़ी में रखे कार्टून्स से सामान (एयरबड्स पैकेट्स) निकालकर चोरी कर लिए व जिसमें से कुछ सामान आरोपी भावांश को 30 हजार रुपये में बेच दिया। आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड की जांच से आरोपी जुबेर पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने के तहत एक केस जिला नूंह में व आरोपी भावांश पर चोरी करने के तहत एक केस जिला गुरुग्राम में पहले भी दर्ज है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग दो कैंटर बरामद किए गए हैं।