एसपी बोले अवैध कारोबार में लिप्त लोग चेत जाएं, अन्यथा जेल जाना तय

Share

गोपालगंज, 03 फ़रवरी ।जिले के बीचों-बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग–27 पर यूपी सीमा से सटा बलथरी चेकपोस्ट एक बार फिर सुर्खियों में है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले भारी वाहनों की जांच के लिए स्थापित इस चेकपोस्ट पर पुलिस, उत्पाद, परिवहन विभाग की संयुक्त तैनाती के बावजूद अवैध धंधे पर पूरी तरह विराम नहीं लग पाया है। हालात ऐसे हैं कि जानकारों का दावा है कि यहां से प्रतिदिन 5 से 10 लाख रुपए तक की अवैध कमाई हो रही है, जिसमें स्थानीय सफेदपोश और इंट्री माफिया और शराब माफियाओं की मिलीभगत की बात सामने आ रही है।

बलथरी चेकपोस्ट पर कुचायकोट थाना की पुलिस टीम, उत्पाद विभाग के 25–30 जवान, परिवहन विभाग के अधिकारी 24 घंटे ड्यूटी पर, जहां सतत निगरानी के लिए पुलिस मौजूद है। इसके बावजूद अवैध वसूली, बिना टैक्स वाहनों की आवाजाही और दबाव बनाकर गाड़ियां पार कराने के आरोप लगातार मिल रहे हैं। आम लोगों और वाहन चालकों से मिल रही सूचनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।पूर्व में जिले में पदस्थापित रहे एसपी विनय तिवारी के कार्यकाल में बलथरी चेकपोस्ट से जुड़े अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई हुई थी। कई लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी शिकंजा कसा गया था। अब एक बार फिर एसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अवैध कारोबार में लिप्त लोग चेत जाएं, अन्यथा जेल जाना तय है। आम नागरिकों से मिल रही सूचनाओं की सत्यता की जांच कराई जा रही है।

इसी कड़ी में देर शाम एसपी और उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बलथरी चेकपोस्ट पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चेकिंग प्रक्रिया, तैनात बलों की भूमिका और वाहनों की आवाजाही का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्थिक अपराध और इंट्री माफिया के खिलाफ अब निर्णायक कार्रवाई होगी। एसपी ने चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि हंगामा करने वाले, ड्यूटी में बाधा डालने वाले, या दबाव बनाकर वाहनों को जबरन पार कराने वाले सफेदपोशों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। इसके लिए हाइवे–27 पर विशेष उड़नदस्ता गठित किया जा रहा है, जो ऐसे तत्वों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई करेगा। बिना टैक्स वाहनों को इधर-उधर कराने, जबरन रोक-टोक और अवैध वसूली में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। शराब तस्करी और टैक्स चोरी पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। चेकपोस्ट पर निगरानी और सख्त की जाएगी, तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर तत्काल विभागीय कार्रवाई होगी।