जांजगीर चांपा, 16 फरवरी । जांजगीर-चांपा पुलिस के तहत थाना बलौदा पुलिस ने डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपित को आज सोमवार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपित को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद की है। आरोपित के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बलौदा में दर्ज अपराध क्रमांक 39/2026 धारा 303(2), 3(5), 112(2) बीएनएस के तहत पहले ही तीन आरोपितों —रजनीश रात्रे, जयनारायण केवट और सूरज कुर्रे—को अलग-अलग तिथियों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। मामले का एक अन्य आरोपित फरार चल रहा था।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित वीर कुमार रात्रे (28 वर्ष), निवासी ग्राम खिसोरा, को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर 28 जनवरी 2026 को ग्राम कटरा जंगल के पास खड़े ट्रेलर से स्कॉर्पियो वाहन के जरिए लगभग 140 लीटर डीजल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपित का मेमोरेण्डम कथन दर्ज कर घटना में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी जब्त की और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा, सउनि सुनील टैगोर तथा आरक्षक टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे और रज्जू रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।