नवादा,10 फ़रवरी । बिहार में नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत सहवाजपुरसराय पंचायत के सीतामढ़ी स्थित जनक नंदिनी माता जानकी के निर्वासन स्थली ,माता सीता मंदिर का भ्रमण मंगलवार को फ्रांस से आए शोधकर्ताओं के एक दल ने किया।
राजकीय मेला का दर्जा मिलने के बाद पहली बार विदेशी पर्यटकों के आगमन से क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। वर्ष 2025 में सीतामढ़ी मेला को राजकीय मेला का दर्जा दिया गया था। इसका विधिवत उद्घाटन नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश द्वारा किया गया था। राजकीय मेला घोषित होने के बाद सीतामढ़ी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिली है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब पर्यटन के रूप में सामने आने लगा है।
फ्रेंच नागरिकों ने माता सीता मंदिर सहित सीतामढ़ी स्थित अन्य सभी प्राचीन मंदिरों का भ्रमण किया। मंदिर परिसर की शांति, धार्मिक महत्व और पौराणिक इतिहास से वे काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने स्थानीय लोगों से माता सीता से जुड़ी कथाओं और सीतामढ़ी के ऐतिहासिक महत्व के बारे में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर समाजसेवी विजय राजवंशी, उपेंद्र राजवंशी, अजय सिंह सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने विदेशी पर्यटकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। राजकीय मेला का दर्जा मिलने से भविष्य में और अधिक विदेशी पर्यटकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।