राज्यपाल 6 फरवरी को करेंगी प्रादेशिक शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन

Share

लखनऊ,05 फरवरी । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जन भवन प्रांगण, में आयोजित की जा रही 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन 6 फरवरी 2026 शुक्रवार को पूर्वाह्न 11ः00 बजे करेंगी। इस अवसर पर उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगी।

उत्तर प्रदेश उद्यान निदेशक भानु प्रकाश राम ने गुरुवार को बताया कि प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों द्वारा सदाबहार पत्तियों वाले पौधे, फूलों के गमले, शीतकालीन मौसमी पुष्प, गमलों के कलात्मक समूह, गमलों में उगाई गई शाकभाजी, बोनसाई, सक्यूलेंट्स, औषधीय एवं सुगंध पौधे, बोगेनविलिया, जैविक शाकभाजी, विशिष्ट फल, कट फ्लावर, पान, शहद तथा फल संरक्षण उत्पादों का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बच्चों, महिलाओं एवं मालियों द्वारा की गई कलात्मक सज्जा भी प्रदर्शनी का आकर्षण होगी।

प्रदर्शनी की जजिंग का कार्य केन्द्रीय औषधीय एवं सुगंध पौध संस्थान, राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान, केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (रहमानखेड़ा), कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों/विषय विशेषज्ञों एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जायेगा।प्रदर्शनी के संबंध में विस्तृत जानकारी समिति की वेबसाइट http://upflowershowlko.com पर उपलब्ध है।

उद्घाटन के पश्चात प्रदर्शनी जनसामान्य के अवलोकन एवं ज्ञानवर्धन हेतु खोल दी जाएगी। प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों हेतु प्रवेश निःशुल्क तथा अन्य दर्शकों के लिए रूपये 20 प्रति व्यक्ति सांकेतिक प्रवेश शुल्क निर्धारित है, जिसकी टिकटें जन भवन के गेट संख्या-01 पर स्थित टिकट काउंटर से नकद अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं।————