रायपुर, 24 फ़रवरी । छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के झाल गांव में आपसी विवाद को लेकर मंगलवार को भोर में पड़ोसी ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में पीड़ित कुंवर साय के परिवार के लोग सो रहे थे।तभी भोर में करीब साढ़े चार बजे कुंवर साय के परिवार पर आरोपित पड़ोसी ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया गया। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक मासूम बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि घटना को अंजाम देने के बाद पड़ोसी आरोपित फरार होने की कोशिश कर रहा था,लेकिन डोंगरीपाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया ।उन्होंने बताया की प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी आञ्जनेय वार्ष्णेय और एएसपी निमिषा पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घायल लोगों का इलाज जारी है।