भागलपुर, 11 फ़रवरी । भागलपुर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट कर 1.20 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश करते हुए अवैध फाइनेंशियल नेटवर्क के जरिए रकम विदेश ट्रांसफर करने वाले मास्टर माइंड को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को एसएसपी कार्यालय के हवाले से दी गई।
उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डिजिटल अरेस्ट सहित साईबर अपराध के कांडों में संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी किया जा रहा है। इसी क्रम में बीते मंगलवार को तकनीकी अनुसंधान के क्रम में यह ज्ञात हुआ की भागलपुर निवासी को डिजिटल अरेस्ट कर 1.20 करोड़ की ठगी मामले में भागलपुर साईबर थाना में दर्ज कांड में संलिप्त अपराधकर्मी मो० गुफरान मधुबनी जिले के बिस्फी थानान्तर्गत ग्राम छिछुआडिह में छिपा हुआ है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर भागलपुर के निगरानी एवं पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साईबर थाना भागलपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
उल्लेखनीय है कि अनुसंधान के क्रम में ज्ञात हुआ कि उक्त अपराधकर्मी हरियाणा के फरीदाबाद शहर में रहकर एक संगठित अवैध फाइनेंशियल नेटवर्क चलाता है, जिसके माध्यम से साइबर अपराध में ट्रांजेक्सन की गयी रकम को विदेश भेजता है। उक्त अभियुक्त का दुबई सहित विदेश के कई शहरों में नेटवर्क है। इस कांड में पीड़ित से ठगी गई राशि को भी इन्होंने अपने नेटवर्क के माध्यम से विदेशों में भेजा है। गठित टीम के द्वारा इस कांड में संलिप्त आपराधकर्मी मो० गुफरान पिता-मो० इजराईल सा०-छिछुआडिह थाना-बिस्फी जिला-मधुबनी को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
उक्त अभियुक्त से पूछ-ताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कांड संलिप्त अन्य आपराधकर्मियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लागातार छापामारी की जा रही है।