धौलपुर, 10 फ़रवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एडीजे रेखा यादव ने प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारियों के साथ मंगलवार को धौलपुर जिला कारागृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लीगल एड क्लिनिक एवं बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कारागृह में निरुद्ध बंदियों की आवास व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, दवाइयों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था एवं विशेष श्रेणी के बंदियों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही न्यायिक अधिकारीयों ने लीगल एड क्लिनिक में स्थित रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया। सचिव रेखा यादव ने एलएडीसीज अधिवक्तागणों से बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा, जमानत प्रक्रिया, अपील एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। न्यायिक अधिकारीगणों ने बंदियों के लिए उपलब्ध वीडियों कॉन्फेसिंग हॉल एवं केंटिन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं विधिक समस्याओं को सुना गया। जो बंदी आर्थिक रूप से कमजोर पाए गए अथवा विधिक सहायता के पात्र थे, उन्हें निःशुल्क विधिक सेवा उपलब्ध कराए जाने हेतु एलएडीसीज अधिवक्तागणों को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण दौरान एक बंदी जिसके पैर में चोट लगी थी जिसके बारे में भी सचिव द्वारा जानकारी ली एवं उसके उपचार के संबंध में जेल अधीक्षक को निर्देशित किया। साथ ही एक बंदी जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने पर भी उसके उपचार के संबंध में जेल अधीक्षक को निर्देश दिए। जेल अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ से चर्चा की गई तथा बंदियों को समय पर उपचार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान रोटी बनाने वाली मशीनों की जांच की एवं आज के भोजन के बारे में भी पूछा एवं निर्देशित किया कि सभी बंदियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएं जिससे वह स्वस्थ रहें। इस मौके पर जेल अधीक्षक सुमन कुमारी मीणा एवं जेलर पूरन सहित कारागृह का स्टॉफ एवं बंदीजन मौजूद रहे।