जींद : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने यूनिवर्सिटी चीफ हॉस्टल वार्डन को सौंपा ज्ञापन

Share

जींद, 16 फ़रवरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्र हित में सकारात्मक पहल करते हुए सोमवार को यूनिवर्सिटी चीफ हॉस्टल वार्डन एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष डा. अजमेर सिंह को विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक मूवी प्रदर्शन करवाने हेतु ज्ञापन सौंपा गया। विश्वविद्यालय अध्यक्ष सतविंदर ढिल्लो ने बताया कि विद्यार्थी परिषद का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सहपाठ्यक्रम गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं।

एबीवीपी नेता भावना ने बताया कि विश्वविद्यालय के हॉस्टलों एवं विभिन्न विभागों में अध्ययनरत विद्यार्थियों पर शैक्षणिक दबाव के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का भी भार रहता है। ऐसे में समय-समय पर प्रेरणादायक, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत एवं प्रबंधन कौशल से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करने तथा उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध हो सकता है। परिषद ने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम या किसी उपयुक्त हॉल में नियमित अंतराल पर फिल्म प्रदर्शन की व्यवस्था की जाए, जिसमें सभी संकायों के विद्यार्थी भाग ले सकें।

मयंक बंसल ने बताया कि प्रबंधन विभाग के विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, निर्णय लेने की कला और नैतिक मूल्यों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। वहीं हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए भी यह एक स्वस्थ मनोरंजन का माध्यम होगा। जिससे आपसी संवाद और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी कहा कि मूवी प्रदर्शन के बाद विषय विशेषज्ञों या प्राध्यापकों द्वारा एक संक्षिप्त चर्चा सत्र आयोजित किया जाए ताकि विद्यार्थी फिल्म से प्राप्त संदेश को गहराई से समझ सकें और उसे अपने जीवन में लागू कर सकें। डा.अजमेर सिंह ने परिषद के प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के हित में प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।