हरिद्वार, 14 फ़रवरी । हरिद्वार स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के एक छात्र ने मानसिक तनाव के चलते गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने जीवन से हताश होने की बात लिखी है।
मृतक छात्र की पहचान यशपाल उम्र 21 वर्ष, पुत्र पुष्पेंद्र पाल निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह यहां हरिद्वार की विकास कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। सुसाइड नोट में यशपाल ने लिखा है कि वह अपने जीवन में कुछ नहीं कर पाया है और वह अपनी जिंदगी से खुश नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के छात्रों में आक्रोश की लहर दौड़ गई। साथी छात्रों ने कॉलेज परिसर और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए ताकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और किसी संभावित दबाव का पता चल सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
————–