जहर खाकर युवक की मौत, परिजनों ने धमकी और मारपीट का लगाया आरोप

Share

शिमला, 19 फ़रवरी । शिमला शहर में एक युवक की जहर खाने से हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों की धमकी और मारपीट से युवक इतना मानसिक दबाव में आ गया था कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना सदर में यह मामला राजू पुत्र निवासी कृष्णा नगर, शिमला की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 7 फरवरी को दिन के समय कुछ परिचित लोग उस दुकान पर पहुंचे, जहां उसका भतीजा काम करता था। आरोप है कि वहां इन लोगों ने उसके भतीजे से झगड़ा किया, उसे धक्का दिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद युवक बुरी तरह डर गया और मानसिक तनाव में रहने लगा।

परिजनों के अनुसार बढ़ते मानसिक दबाव के चलते युवक ने 17 फरवरी को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है।