शिमला, 09 फ़रवरी । शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना बालूगंज को सूचना मिली कि शिमला–रोहड़ू रूट पर चल रही एचआरटीसी बस में बैठे दो युवक संदिग्ध हालत में हैं और उनके पास चिट्टा (हेरोइन) हो सकती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस नंबर HP10A-9536 को आईएसबीटी शिमला में रुकवाकर जांच की।
जांच के दौरान बस की अंतिम सीटों पर बैठे दो युवकों की तलाशी ली गई। सीट नंबर 30 पर बैठे राहुल (23 वर्ष), निवासी गांव चमारू, डाकघर प्रोंथी, तहसील जुब्बल, जिला शिमला और सीट नंबर 31 पर बैठे विशाल वर्मा (27 वर्ष), निवासी गांव नंगल देवी, देवड़ी घाट, तहसील ठियोग, जिला शिमला के कब्जे से कुल 30.700 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाना था। पुलिस थाना बालूगंज ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज किया गया है।