कैथल : आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 32 लाख की ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार

Share

कैथल, 11 फ़रवरी । विदेश भेजने के नाम पर आमजन काे ठगने वालों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 32.30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव रामथली (उरलाना रोड) निवासी सुरेंद्र सिंह और गांव नागल निवासी संदीप के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि वार्ड नंबर सात, सेठांवाला मोहल्ला पूंडरी निवासी गुरदयाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बेटा विक्रम और उसका दोस्त हर्ष आस्ट्रेलिया जाना चाहते थे। मार्च 2025 में गुरदयाल सिंह की मुलाकात अपने मामा रेशम सिंह और परिचित खजान सिंह के माध्यम से आरोपियों से हुई, जिन्होंने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताया और दो माह में वीजा लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले उन्होंने 45 लाख रुपये मांगे, लेकिन तय हुआ कि पूरी रकम वीजा मिलने के बाद दी जाएगी।

आरोपियों ने मार्च 2025 के अंतिम सप्ताह में दोनों युवकों के पासपोर्ट, आधार कार्ड, बैंक खाते की प्रतियां और अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके बाद 12 जून 2025 को आरोपी दोनों युवकों को दिल्ली ले गए और पहाड़गंज स्थित एक होटल में ठहराया। वहां उनसे 18 लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर कहा गया कि यह राशि आस्ट्रेलियन करेंसी में बदलकर वापस कर दी जाएगी। इसके बाद आरोपियों को 10 लाख रुपये दे दिए गए।

14 जून को दोनों युवकों को दिल्ली से चेन्नई और फिर बैंकॉक भेजा गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग चरणों में आठ लाख रुपये, 4.30 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और बाद में 10 लाख रुपये नकद ले लिए। तीन अगस्त को दोनों युवकों को मलेशिया भेजा गया और सात अगस्त 2025 को वहां से उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। शिकायत के अनुसार बैंकॉक और मलेशिया में दोनों युवकों को भूखा-प्यासा रखा गया तथा उनके साथ मारपीट कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जब परिजनों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने बार-बार आश्वासन दिए, लेकिन रकम नहीं लौटाई। कई बार पंचायतें भी हुईं, पर कोई समाधान नहीं निकला। आरोपी संदीप ने एक लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। इस मामले में थाना शहर में केस दर्ज किया गया। बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।