शिमला, 07 फ़रवरी । शिमला जिला के सुन्नी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन 22 केवी बिजली लाइन से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के एल्यूमीनियम कंडक्टर तार चोरी होने का मामला सामने आया है।
कंपनी के निदेशक नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी बिजली बोर्ड के लिए गुम्मा से खैरा तक हाई-टेंशन लाइन का निर्माण कार्य कर रही है। 2 जनवरी की सुबह साइट इंचार्ज ने सूचना दी कि रात के दौरान अज्ञात लोगों ने झाझेर और कधरघाट के बीच लगे लगभग 30 फीट ऊंचे बिजली खंभों पर चढ़कर करीब तीन हज़ार मीटर लंबाई के एल्यूमीनियम तार काटकर चोरी कर लिए हैं। चोरी हुए तारों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में बीएनएस की धारा 305(ई) के तहत थाना सुन्नी में एफआईआर दर्ज की गई है।