जींद में अंबेडकर की प्रतिमा खंडित, लोगों ने जताया रोष

Share

जींद, 19 फ़रवरी । जींद के गांव ढाकल में बस स्टैंड के पास डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा बुधवार रात को किसी असामाजिक तत्व ने खंडित कर दी। जिसका पता गुरूवार को समाज के लोगों को लगा तो उन्होंने भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष अमित मुवाल को सूचना दी। अमित मुवाल व अन्य समाज के लोगों ने मौका पर जाकर स्थिति का जायजा लिया तो देखा कि डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की नाक व चश्मा खंडित किया गया था। समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन को इस मामले से अवगत करवाया। जिसके बाद सदर थाना एसएचओ रामकुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया।

इसके बाद एसडीएम ने बीडीपीओ को मौका निरीक्षण करने के लिए कहा। वहीं मौके पर सरपंच अनिल कुंडू भी पहुंच गए थे। प्रशासन व सरपंच द्वारा समाज के लोगों के साथ बैठक की। वहीं अमित मुवाल ने कहा कि जिस भी व्यक्ति ने घिनौनी घटना को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और उसकी जगह दूसरी प्रतिमा विस्थापित होनी चाहिए। यहीं नहीं इस प्रतिमा के पास जमीन समाज को भवन व पुस्तकालय बनाने को लेकर देनी चाहिए। प्रशासन ने कहा कि डा. भीमराव आंबडेकर की प्रतिमा मान-सम्मान के साथ विस्थापित की जाएगी।

वहीं जमीन का प्रस्ताव ग्राम पंचायत को डालने की बात रखी गई है, इस बारे में पता किया जाएगा कि यह जमीन ग्राम पंचायत की है या हाइवे अथारिटी की। इस बारे में अभी तक कुछ पता नहीं है। समाज के लोगों ने प्रशासन व सरपंच के साथ सहमति जताई और कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति वहीं स्थापित होनी चाहिए। वहीं प्रतिमा खंडित करने पर असमाजिक तत्व के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

गुरूवार को एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने पर एसएचओ व सिविल प्रशासन मौके पर गया था। जमीन की डिमांड व मूर्ति विस्थापित की बात थी। अगर पुलिस प्रशासन के पास शिकायत आती है तो कार्रवाई करेंगे। गांव में आपसी भाईचारा बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं।