नई दिल्ली/मुंबई, 17 फरवरी । क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 फरवरी को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए 25 फरवरी तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 1,000–1,053 रुपये तय किया है।
क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि उसका आईपीओ सार्वजनिक बिक्री के लिए 23 फरवरी को खुलकर 25 फरवरी को बंद होगा, जबकि एंकर निवेशक 20 फरवरी को इसमें निवेश करने के लिए बोली लगा सकेंगे। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 1,000–1,053 रुपये तय गया किया है।
वाणिज्यिक और औद्योगिक (सीएंडआई) नवीकरणीय ऊर्जा प्रदाता कंपनी क्लीन मैक्स ने कहा कि 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रस्तावित आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये तक के शेयरों का ताजा निर्गम और प्रवर्तकों और एक निवेशक शेयरधारक द्वारा 1,900 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की पेशकश (ओएफएस) शामिल है। निवेशक इसमें कम से कम 14 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 14 इक्विटी शेयर्स के मल्टीपल में बिड कर सकते हैं।
कंपनी की योजना इस आईपीओ के जरिए 3,100 करोड़ रुपये जुटाने की है। क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड इस ताजा इश्यू से मिलने वाली 1,122.6 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल कंपनी और/या उनकी सब्सिडियरी कंपनियों के सभी या कुछ बकाया उधारों के कुछ हिस्से या पूरे रीपेमेंट और/या प्री-पेमेंट और आम कॉर्पोरेट कामों के लिए करेगी।
उल्लेखनीय है कि क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड एक वाणिज्यिक और औद्योगिक नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी है, जिसकी स्थापना वर्ष 2010 में मुंबई भारत में हुई थी। इस कंपनी की स्थापना कुलदीप जैन, प्रताप जैन और निधि जैन ने कॉर्पोरेट प्रमोटर बीजीटीएफ वन होल्डिंग्स (डीआईएफसी) लिमिटेड और केएमपीआईएनसी एलएलपी के साथ मिलकर की थी।