शिमला में बिना दस्तावेजों और परमिट के चल रही बस जब्त

Share

शिमला, 10 फ़रवरी । राजधानी शिमला में यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ शिमला ने विशेष अभियान के दौरान एक निजी बस को जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार यह बस बिना वैध दस्तावेजों और एक्सपायर्ड फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर चल रही थी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। जब्त किए गए वाहन को आगे की कार्रवाई तक एचआरटीसी कार्यशाला में खड़ा कर दिया गया है।

आरटीओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बस संख्या HP-51-3201 की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका था और बस के पास वैध परमिट भी नहीं था। जांच में यह भी पाया गया कि चालक के पास मौके पर न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र उपलब्ध था। इसके अलावा बस पर विशेष सड़क कर भी लंबित था, जो वर्ष 2021 से जमा नहीं कराया गया था। अधिकारियों ने यह भी पाया कि बस अपने निर्धारित परमिट मार्ग से बाहर चल रही थी।

शिमला के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) विश्व मोहन देव चौहान ने मंगलवार को बताया कि परिवहन नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस वाहन की फिटनेस समाप्त हो चुकी हो और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न हों, ऐसे वाहन का संचालन सीधे तौर पर यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब्त किए गए वाहन के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी और बकाया कर तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा।

आरटीओ ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि बिना दस्तावेजों, बिना परमिट या तकनीकी रूप से असुरक्षित वाहनों पर कार्रवाई की जा सके। विभाग ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं कोई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के या असुरक्षित स्थिति में चलता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित आरटीओ कार्यालय को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।