कोडीन कफ सिरप मामले में भोला जायसवाल की पेशी टली, अगली सुनवाई 25 फरवरी को

Share

जौनपुर, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित दीवानी न्यायालय में चल रही कोडीनयुक्त कफ सिरप के कथित अवैध कारोबार से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में आरोपित भोला प्रसाद जायसवाल की आज भी काेर्ट में पेशी नहीं हाे सकी। अब न्यायालय ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 फरवरी की तिथि नियत की है।

बुधवार को दीवानी न्यायालय स्थित एडीजे द्वितीय की काेर्ट में कोडीन मामले में मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल की पेशी निर्धारित थी, किंतु न्यायालयिक प्रक्रिया के कारण उनकी पेशी नहीं हो सकी। शुभम पर फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ के माध्यम से जौनपुर जनपद की 16 फर्मों के जरिए लगभग 42.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध कारोबार का आरोप है। औषधि विभाग की प्रारंभिक जांच में इन फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर बिलिंग किए जाने की बात सामने आई है, जबकि वास्तविक लेन-देन संदिग्ध पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गहन पड़ताल में जुटा है। दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और औषधि आपूर्ति श्रृंखला की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

मामले के जुड़े सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पूर्व 10 फरवरी को आरोपित भोला जायसवाल को एडीजे द्वितीय रंजीत कुमार की अदालत में प्रस्तुत किया गया था, जहां एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत धाराएं बढ़ाए जाने के संबंध में रिमांड की कार्यवाही पूर्ण की गई। न्यायालय ने आरोपित पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग), 27(ग) एवं 29 की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी की तिथि सुनवाई के लिए नियत थी, परंतु पेशी न हो पाने के कारण अब 25 फरवरी को अगली सुनवाई होगी। मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।