भमोरा में मुठभेड़, दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली,गिरफ्तार

Share

बरेली, 9 फरवरी । बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक चोरी और लूट की वारदातों में शामिल दो कुख्यात बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर होते-होते बच गए। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध बदमाश रम्पुरा बुजुर्ग अंडरपास के पास किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जफर उर्फ जफरुद्दीन और सुदामा उर्फ केशव दिवाकर के रूप में हुई है। उनके पास से दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, लूटे गए मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।

घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।