राजगढ़ः झगड़ा-नातरा कुप्रथा मामले में फरार छह आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

Share

राजगढ़, 17 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर झगड़ा-नातरा कुप्रथा के अलग-अलग प्रकरणों में फरार छह आरोपितों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। थानाप्रभारी मंजू मखेनिया ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर झगड़ा-नातरा कुप्रथा से संबंधित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तीन प्रकरणों में फरार आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनके द्वारा झगड़ा-नातरा कुप्रथा के तहत राशि की मांग की गई, फरियादी द्वारा राशि नही देने पर आरोपितों ने फसल काटकर व आगजनि कर नुकसान कर दिया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग प्रकरणों में छह आरोपितों को हिरासत में लिया है, जिनमें घनश्याम (36) पुत्र जगन्नाथ तंवर निवासी देहरीजागीर, रंगलाल(24)पुत्र करणसिंह तंवर, दिनेश (27)पुत्र कंवरलाल तंवर निवासी बांकपुरा थाना राजगढ़, सुरेश पुत्र दरियाबसिंह, ईश्वर पुत्र दरियाबसिंह निवासी गंगापुरा थाना भोजपुर और रामनारायण पुत्र रंगलाल भील निवासी हिनोतिया थाना दांगीपुरा जिला झालावाड़ शामिल है।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। राजगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि झगड़ा- नातरा जैसी कुप्रथा को सामाजिक सहयोग से समाप्त करने में सहयोग प्रदान करें। कानून व्यवस्था को भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।