लखनऊ, 10 फ़रवरी । राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के संस्थापक, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसानों के प्रेरणास्रोत रहे चौधरी अजीत सिंह की जयंती आने वाली 12 फरवरी को है। इस अवसर को पार्टी उत्तर प्रदेश में “सेवा-सद्भावना दिवस” के रूप में पूरे उत्साहपूर्वक मनाएगी। यह जानकारी मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने पत्रकारों को दी।
डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जनपदों में चौधरी साहब की जयंती बड़े स्तर पर मनाएं। उन्होंने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने उद्योग मंत्री एवं कृषि मंत्री रहते हुए आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष किया और उल्लेखनीय कार्य किए।
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यकर्ताओं द्वारा चौधरी साहब के चित्र पर माल्यार्पण, विचार गोष्ठी, रक्तदान शिविर, फल वितरण, पुष्पांजलि अर्पण सहित विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. राय ने कहा कि सेवा-सद्भावना दिवस के माध्यम से राष्ट्रीय लोकदल चौधरी अजित सिंह जी के विचारों, सिद्धांतों और किसानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।