बरेली, 21 फरवरी । नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित वैश्विक एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए हंगामे और नारेबाजी के विरोध में शनिवार को बरेली शहर का सियासी पारा चढ़ गया। यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट गेट पर एकत्र होकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मुकेश राजपूत और महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना ने किया। दोपहर में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में इस प्रकार की राजनीति से देश की छवि धूमिल होती है।
जिलाध्यक्ष मुकेश राजपूत ने कहा कि जब देश तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है, तब इस तरह की गतिविधियां राष्ट्रहित के खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी देशविरोधी आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में अमर्यादित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
प्रदर्शन के बाद भाजयुमो पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
उधर, प्रदर्शन को देखते हुए कलक्ट्रेट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
————-